खेल

कप्तानी से रोहित का नहीं हुआ सॉफ्ट डिसमिसल, मुंबई इंडियंस को भुगतना पड़ेगा खामियाजा

आईपीएल में ऑक्शन से पहले मुम्बई इंडियंस ने रोहित शर्मा के प्रशंसकों और क्रिकेट प्रेमियों को बड़ा झटका दिया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से मुम्बई इंडियंस ने इतने वर्षों तक टीम को लीड करने के लिए रोहित को धन्यवाद कहते हुए कैप्टेंसी से हटा दिया। उनकी जगह अब हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस को नया कप्तान नियुक्त किया गया है। इस खबर ने तमाम क्रिकेट प्रशंसकों व रोहित शर्मा के प्रशंसकों को हैरान कर दिया। जिसके बाद से सोशल मीडिया पर बॉयकॉट मुंबई इंडियन ट्रेंड करने लगा। जानकारी के मुताबिक इस रिप्लेसमेंट के बाद से मुम्बई इंडियंस के फॉलोअर्स सोशल मीडिया पर तेजी से घट रहे हैं। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम और ट्विटर से अब तक मुंबई इंडियंस को कुल 3 मिलियन से अधिक लोग अनफॉलो कर चुके हैं। कुछ  लोगों का मानना है रोहित की मुंबई इंडियंस की कप्तानी छिनने का एक कारण विश्वकप में मिली हार भी है।  

हालांकि कुछ लोगों कहना है कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में ऐसा पहले भी हो चुका है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। यह एक प्रोफेशनल फैसला है। इसको इमोशनल होकर नहीं देखना चाहिए।  रोहित शर्मा ने टी 20 विश्वकप के सेमीफाइनल में हार के बाद से एक भी टी 20 मैच नहीं खेला है। दूसरी तरफ टी 20 में भारत की कप्तानी भी हार्दिक कर रहे हैं। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि टीम ने भविष्य को देखते हुए फैसला लिया है। क्योंकि रोहित की उम्र भी काफी हो गई है। अब उनके पास एक्टिव क्रिकेटर रूप में ज्यादा समय नहीं है। 

रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस ही नहीं भारतीय क्रिकेट में भी एक बड़ा ओहदा रखते हैं। उन्होंने मुंबई को 10 वर्षों में 5 ट्राफियां दिलवाईं हैं। ऐसे में कुछ लोगों का मानना है कि अभी उन्हें कम से कम एक या 2 साल और देना चाहिए। वहीं दूसरी तरफ खबर यह है कि कप्तान न बनाने के कारण हार्दिक ने मुंबई को छोड़ा था। अब वह गुजरात की कप्तानी छोड़कर वापिस आए हैं तो इस तरह का फैसला करना मुंबई इंडियन की विवशता थी। हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस के लिए एक कप्तान के रूप में बेहतरीन काम किया है। ऐसे में टीम प्रबंधन के लिए फैसला लेना मुश्किल रहा होगा। 

हालिया फॉर्म की बात करें तो रोहित शर्मा ने विश्वकप में बेहतरीन बल्लेबाजी और कप्तानी का नमूना पेश किया है। ऐसे में कहा जा रहा है कि हार्दिक को कप्तान बनाने का फैसला फ्रेंचाइजी के भविष्य को मद्देनजर रख कर लिया गया है। सवाल उठता है कि क्या इस कद के क्रिकेटर को इस तरह से कप्तानी के पद से हटाना ठीक है। इस पर जानकारों का मानना है इसकी जानकारी रोहित शर्मा को पहले से ही थी, लेकिन उनको नहीं पता था कि यह इतनी जल्दी हो जाएगा। फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को कप्तान ऐलान करने से पहले रोहित से जरूर डिस्कस किया होगा। टीम प्रबंधन के मशविरे से रोहित कितने सहमत हैं या थे, इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। हालांकि यह बदलाव इतना सॉफ्ट नहीं है, ऐसा लोगों का कहना है। बेहतर होता कि यह जानकारी खुद रोहित शर्मा देते। जैसा विराट कोहली ने किया था।

Spread the love
new desk

news