स्पेशल बलिया
विपरीत परिस्थितियों से लड़ स्टेट टॉपर बनी प्रिया, व्हीलचेयर पर दी थी परीक्षा
शेखपुरा: बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2024 में बरबीघा के रहने वाली प्रिया कुमारी ने कॉमर्स संकाय में स्टेट टॉपर करके जिले को गौरवान्वित किया है।प्रिया ने यह सफलता विपरीत परिस्थितियों से लड़कर हासिल किया है। परीक्षा से कुछ दिन पहले दोनों पैर जलने के बाद व्हीलचेयर पर परीक्षा देने वाली प्रिया ने 478(95।6%) अंक हासिल किया है। प्रिया दो बहनों में सबसे छोटी है। नगर परिषद बरबीघा क्षेत्र के छोटी संगत में रहने वाली प्रिया के पिता महेश छापड़िया बाजार में एक किराने की दुकान चलाते हैं जबकि मां अर्चना छापड़िया एक कुशल गृहणी है।
प्रिया कुमारी के स्टेट टॉपर करने के बाद बधाई देने वालों का भी ताता लगा हुआ है। नगर परिषद के पूर्व नगर अध्यक्ष अजय कुमार श्रवण छापड़िया, संतोष कुमार शंकु राजीव कुमार उर्फ रजनू सेठ, डॉ आनंद कुमार,सिकंदर कुमार नगर सभा प्रत्याशी सुबोध कुमार सहित बाजार के कई लोगों ने प्रिया को घर पहुंच मिठाई खिलाकर बधाई दिया।
प्रिया ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से पांच दिन पहले बाथरूम में नहाने के लिए रखा गया गर्म पानी उसके शरीर पर गिर गया था।इस घटना में उसका दोनों पैर गंभीर रूप से जल गया था। इसके बावजूद भी प्रिया ने अपने हौसले को टूटने नहीं दिया और व्हीलचेयर पर बैठकर परीक्षा देकर भी स्टेट टॉप कर गई। प्रिया को इस मंजिल तक पहुंचने में उसके माता-पिता और चचेरे भाई का काफी सहयोग रहा।