बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग गांवों में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दुर्गीपुर और ज्ञानपुर गांव में चोरों ने छत के रास्ते घरों में प्रवेश किया। दोनों जगहों से लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
दुर्गीपुर में शिवधारी राजभर के घर चोरों ने छत का टीन शेड तोड़कर प्रवेश किया। परिवार के सदस्य बरामदे में सो रहे थे। चोरों ने दो बक्से और अलमारी का ताला तोड़ा।
उन्होंने सोने का टॉप्स, मंगलसूत्र, चेन, मांगटिका, झुमका, तीन जोड़ी पायल, मेहंदी छल्ला, बिछिया और 10 हजार रुपए नकद चुरा लिए। शिवधारी की बहू बेटी की शादी के लिए धीरे-धीरे सामान जुटा रही थीं।
ज्ञानपुर में दिनेश सिंह के घर भी चोरों ने छत से प्रवेश किया। यहां से दो सोने की चेन, दो जोड़ी झुमके, छह अंगूठी, दो लॉकेट, एक नथिया, एक मांगटिका, चार जोड़ी पाजेब और 5 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए।
सुबह जब दोनों परिवारों को चोरी का पता चला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया है और जांच कर रही है। एक ही रात में दो गांवों में हुई चोरी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।