गोरखपुर: मुंबई से 225 यात्रियों को लेकर रविवार को गोरखपुर पहुंचे विमान को शहर के चार चक्कर लगाने के बाद वाराणसी जाना पड़ा। ऐसा तेज हवा और पायलट के अनस्टेबलाइज्ड स्टेप (गलत एप्रोच) की वजह से हुआ। वाराणसी में लैंड करने के बाद रात 8:07 बजे विमान वापस गोरखपुर पहुंचा। यहां से रात 8:57 बजे 224 यात्रियों को लेकर विमान ने मुंबई के लिए उड़ान भरी।
इंडिगो के विमान सं.6ई544 को रविवार शाम अपने निर्धारित समय 5:35 बजे गोरखपुर पहुंचना था। विमान समय से गोरखपुर तो पहुंच गया, लेकिन विषम परिस्थिति को देखते हुए एटीसी ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। इसके बाद विमान ने शहर के ऊपर चार चक्कर लगाए और एटीसी के निर्देशानुसार वाराणसी के लिए रवाना हो गया।
इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से यात्रियों और उनके परिवारीजन में हड़कंप मच गया। इधर, मुंबई जाने के लिए अपराह्न तीन बजे से गोरखपुर एयरपोर्ट पर विमान का इंतजार कर रहे 224 यात्री भी परेशान हो गए। अफरा तफरी के बीच विमान रद होने को लेकर यात्री सशंकित हो गए और काउंटर पर पहुंच कर जानकारी लेने लगे।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि विमान रात आठ बजे तक वाराणसी से गोरखपुर लौट आएगा। रात 8:07 बजे जब विमान वाराणसी से गोरखपुर पहुंचा, तब जाकर एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली।