Connect with us

स्पेशल बलिया

बलिया में कोहरे के कारण पेड़ से टकराई बाइक, एक की मौत एक गंभीर रुप से घायल

Published

on

बलिया जिले के बेल्थरा रोड में मंगलवार देर रात घने कोहरे के कारण हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उभांव थाना क्षेत्र के तेंदुहारी-सगहापुर गांव के बीच हुई।

जानकारी के अनुसार, तेंदुहारी गांव निवासी 19 वर्षीय फरहान पुत्र कामरान अपने मित्र 22 वर्षीय साकिब को बुलेट बाइक पर बैठाकर सगहापुर जा रहे थे। रास्ते में मोड़ पर घने कोहरे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर ताड़ के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसपास के लोगों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने फरहान को मृत घोषित कर दिया। साकिब की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद मऊ रेफर कर दिया गया। घायल साकिब का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सीएचसी सीयर पहुंची। पुलिस ने फरहान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक फरहान इंटर का छात्र था। वह दो भाइयों और एक बहन में मझला था। उसके पिता कुवैत में काम करते हैं और घटना की सूचना मिलने के बाद घर के लिए रवाना हो गए हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्पेशल बलिया

धुरंधर के बाद निर्माता विकास कुमार मोदी की सामाजिक ड्रामा में नज़र आएंगे अर्जुन रामपाल

Published

on

इस फिल्म में पहली बार अर्जुन रामपाल, लेखक-निर्देशक शैलेश वर्मा के साथ काम कर रहे हैं। मुंबई शेड्यूल के बाद फिल्म का आख़िरी शेड्यूल 22 मार्च से लोनावाला और कामशेत में शुरू होने जा रहा है।

यह फिल्म इंसान, इंसानियत और अपनी जड़ों को सही मायने में परिभाषित करती है। पारस सॉफ्टवेयर एंड एंटरटेनमेंट और वेमो मल्टीमीडिया प्राइवेट लिमिटेड के सांझे प्रयास से बन रही यह फिल्म छोटे शहर से लेकर मेट्रो शहरों तक हर वर्ग को सहजता से मनोरंजन के साथ-साथ उन खट्टे-मीठे पलों का एहसास कराएगी, जो भागदौड़ भरी ज़िंदगी में कहीं बहुत पीछे छूटते जा रहे हैं।

शैलेश वर्मा और वेमो के सी.एम.डी विकास कुमार मोदी सामाजिक विषयों पर ऐसी कई कहानियों पर काम कर रहे हैं। इसी साल तीन ऐसी ही सामाजिक और मनोरंजक कहानियों के साथ यह जोड़ी अपनी फिल्में सिनेमाघरों तक लेकर आने वाली है।

विकास कुमार मोदी अपनी इस अनाम फिल्म को अगस्त महीने में दर्शकों तक लाने की तैयारी में हैं।

फिल्म में अर्जुन रामपाल के साथ मीरा चोपड़ा प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी। वहीं तिन्नू आनंद और मुकेश तिवारी जैसे दमदार अभिनेता भी फिल्म में अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

Continue Reading

स्पेशल बलिया

बलिया में पुलिस ने वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी को कराई मुनादी, नोटिस चस्पा कर दी चेतावनी

Published

on

बलिया जिले के बांसडीह कोतवाली पुलिस ने सोमवार को एक वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए चांदपुर 55 गांव में मुनादी कराई। पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़े के साथ सार्वजनिक स्थलों पर उद्घोषणा कर लोगों को अभियुक्त के विरुद्ध दर्ज मामलों की जानकारी दी। इसके साथ ही, अभियुक्त के घर पर न्यायालय का नोटिस भी चस्पा किया गया।

पुलिस के अनुसार, अविनाश राजभर पुत्र स्व. आत्मा प्रसाद राजभर, निवासी चांदपुर 55, मुकदमा अपराध संख्या 38/25 में वांछित है। उस पर आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 60(2) तथा बीएनएस की धारा 274, 275(5) के तहत मामले दर्ज हैं।

उपनिरीक्षक सूरज पटेल ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय के आदेशानुसार बीएनएस की धारा 84 के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के तहत सार्वजनिक मुनादी कर अभियुक्त को नियत तिथि पर न्यायालय अथवा थाने में उपस्थित होने की चेतावनी दी गई है। निर्धारित समय पर उपस्थित न होने की स्थिति में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी बताया कि वारंटियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। 

Continue Reading

स्पेशल बलिया

बलिया में बच्चे के अपहरण का प्रयास, दो बाइक सवारों ने किया प्रयास, गांव में मचा हड़कंप

Published

on

बलिया जिले के न्याय पंचायत खड़ैला के दतीवढ़ गांव में रविवार शाम एक 13 वर्षीय बच्चे के अपहरण का प्रयास किया गया। कक्षा 8 के छात्र आदित्य पासवान पुत्र विनोद पासवान शिवपुर से मोमोज खाकर घर लौट रहा था, तभी दो मोटरसाइकिल सवारों ने उसे रोकने की कोशिश की।

शाम करीब 6 बजे शिवपुर-दतीवढ़ के बीच पुलिया के पास खड़े दो अज्ञात व्यक्तियों ने आदित्य से एक गांव का पता पूछा। जब आदित्य ने जानकारी न होने की बात कही, तो एक बदमाश ने पीछे से उसके मुंह पर रुमाल रखकर उसे बंद कर दिया।

आदित्य को जब होश आया, तो उसने खुद को रामजीत बाबा बड़ागांव के पास मोटरसाइकिल पर दो लोगों के कब्जे में पाया। घबराहट में उसने झटका दिया, जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। इसी दौरान बड़ागांव की तरफ से आ रहे दो मोटरसाइकिल सवार युवकों को देखकर आदित्य घायल अवस्था में उनके पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। यह देख दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

उन युवकों ने आदित्य को बेरुआरबारी तक छोड़ दिया। वहां से आदित्य रात करीब 9 बजे पैदल ही घर के लिए निकला। रास्ते में उसकी मुलाकात गांव के तीन लोगों से हुई, जो एक निमंत्रण से लौट रहे थे। उन्होंने आदित्य को घर तक पहुंचाया।

घर पहुंचने पर आदित्य ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिससे परिवार और पूरे गांव में दहशत फैल गई। परिजनों ने अगले दिन सुखपुरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताए गए स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू कर दी है। समाचार मिलने तक बेरुआरबारी स्थित कैमरों की जांच जारी थी।

Continue Reading

Trending

Copyright © 2025 Ballia Ki Bat